कलेक्टर श्री सिंह अचानक देर रात पहुंचे चरक भवन व्यवस्थाओं का निरीक्षण करने

चरक भवन में गर्मी के मौसम में मरीजों की सुविधा के लिए पर्याप्त संख्या में कूलर लगाना आगामी कार्य दिवस में सुनिश्चित करे – कलेक्टर श्री सिंह

मरीजों की सुरक्षा के लिए चरक भवन में फायर सेफ्टी और इलेक्ट्रिक सेफ्टी पर विशेष ध्यान दे

उज्जैन, 22 मई कलेक्टर श्री रौशन कुमार सिंह ने गुरुवार देर रात चरक भवन का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री सिंह और जिला पंचायत सीईओ श्री श्रेयांश कूमट ने चरक भवन में फायर सेफ्टी और इलेक्ट्रिक सेफ्टी पर विशेष ध्यान देने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। कलेक्टर श्री सिंह ने निजी सुरक्षा कर्मियों के ड्रेस के संबंध में सीएमएचओ डॉ. अशोक कुमार पटेल को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये और सुरक्षा कर्मियों को अस्पताल परिसर में व्यवस्थित ड्रेस में रहने के निर्देश दिए।
कलेक्टर श्री सिंह ने गर्मी के मौसम में मरीजों की सुविधा के लिए पर्याप्त संख्या में कूलर लगाना आगामी कार्य दिवस में सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही अस्पताल में एसी संबंधित रख रखाव करने वाली एजेंसी द्वारा कार्य में लापरवाही बरतने पर एक माह का पेमेंट काटने के निर्देश भी दिए।

अस्पताल में कार्यरत स्टाफ की सुरक्षा के लिए पुलिस गार्ड को इमरजेंसी वार्ड के बाहर अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने के निर्देश भी दिये

  कलेक्टर श्री सिंह ने निरीक्षण के दौरान चरक भवन अस्पताल के सिक्युरिटी गार्ड और पुलिस गार्ड को सोते पाए जाने पर फटकार लगाई। कलेक्टर श्री सिंह ने अस्पताल में कार्यरत डॉक्टर्स और स्टाफ की सुरक्षा दृष्टिगत पुलिस गार्ड को इमरजेंसी वार्ड के बाहर ड्यूटी पर अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने के निर्देश दिए।  

   निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री सिंह ने अपर मुख्य सचिव स्वास्थ्य द्वारा गत दिवस निरीक्षण के दौरान दिए गए फर्श व्यवस्थित करने के निर्देश का पालन नहीं होने पर सीएमएचओ डॉ. पटेल और सिविल सर्जन चरक भवन को फटकार लगाई। साथ ही अस्पताल में कार्यरत एनआरएलएम की सिविल इंजीनियर का एक माह का वेतन काटने के निर्देश दिए। अस्पताल परिसर में स्वच्छता में कमी पाए जाने पर अस्पताल प्रबंधक को निर्देशित किया कि अस्पताल में निर्धारित मापदंड के अनुसार साफ सफाई सुनिश्चित करे। पदीय दायित्वों में लापरवाही बरतने पर अस्पताल प्रबंधक और सहायक अस्पताल प्रबंधक को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। 

मरीजों की सुविधा के लिए पर्याप्त संख्या में डाक्टर्स की ड्यूटी रात में भी लगाए

   कलेक्टर श्री सिंह ने डॉक्टर्स और नर्स स्टाफ के ड्यूटी रोस्टर देखें। सीएमएचओ और सिविल सर्जन को निर्देशित किया कि मरीजों की सुविधा दृष्टिगत और उन्हें समय पर उपचार प्रदान करने के लिए पर्याप्त संख्या में डॉक्टर्स की ड्यूटी रात की शिफ्ट में भी लगाए। ड्यूटी चार्ट रोटेशन कर बनाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *