
थाना महिदपुर रोड पुलिस को दिनांक 22.05.2026 को 2 पत्रकार से सूचना प्राप्त हुई कि नागदा रोड स्थित शनि मंदिर के पास एक बोलेरो वाहन में बड़ी मात्रा में संदिग्ध नगदी राशि परिवहन की जा रही है। वाहन को हमने रोक रखा है।
सूचना पर थाना महिदपुर रोड पुलिस द्वारा कार्यवाही करते हुए आइकर विभाग को तत्काल अवगत कराया गया तथा पुलिस टीम मौके के लिए रवाना की गई।
पुलिस टीम द्वारा नागदा रोड स्थित शनि मंदिर के पास पहुंचकर पत्रकार प्रीति एवं विनोद द्वारा पूर्व से रोके गए संदिग्ध वाहन क्रमांक MP-13-ZK-2554 महिन्द्रा बोलेरो को चिन्हित कर पूछताछ की गई। वाहन चालक ने अपना नाम हरीश निवासी नागदा तथा साथ बैठे व्यक्ति ने अपना नाम सुनील उर्फ प्रदीप पोरवाल निवासी नागदा बताया।
जांच के दौरान सुनील उर्फ प्रदीप पोरवाल के कब्जे में एक काले रंग का बैग मिला, जिसमे सुनील द्वारा नगदी राशि होना बताया गया। पुलिस टीम द्वारा तत्काल आयकर विभाग को मेल के द्वारा सूचना दी गई, आयकर विभाग ने इंदौर से रवाना होने के संबंध में अवगत करवाया
पुलिस द्वारा नियमानुसार पंचानों दोनों पत्रकारो की उपस्थिति में कार एवम बैग की वीडियोग्राफी कराई गई। CCTV की निगरानी में और पृथक से वीडियोग्राफी करते हुए आयकर विभाग के रात्रि में उपस्थित होने पर कार से बैग को निकालकर , बैग खोल कर गवाह विनोद मीणा और प्रीति रघुवंशी की उपस्थिति में बैग में रखे 500 , 200 , 100 रुपया के कुल 4428 नोटों को गिना गया जो कुल राशि ₹19,49,500 निकली।
पूछताछ के दौरान वाहन चालक द्वारा उक्त राशि के संबंध में कोई जानकारी नहीं होना बताया गया। वहीं बैग धारक सुनील उर्फ प्रदीप पोरवाल द्वारा उक्त राशि महिदपुर निवासी अल्पेश जैन से लेकर नागदा स्थित गोल्डन केमिकल ले जाना बताया गया, किन्तु नगदी राशि के संबंध में कोई वैध दस्तावेज मौके पर प्रस्तुत नहीं किए।
घटना की सूचना पर एसडीओपी जेडेन लिंगजरपा भी मौके पर पहुंचे एवं संपूर्ण घटनाक्रम की बारीकी से जांच एवं पूछताछ की गई।
सुनील द्वारा उक्त राशि गोल्डन केमिकल्स के मालिक त्रिवेदी और अल्पेश जैन के बीच हुए ज़मीन के सौदे की राशि त्रिवेदी से नागदा से लेकर अल्पेश जैन को देने महिदपुर जाना बताया और दोनों के बीच सौदे को लेकर विवाद होने के कारण महिदपुर से वापस राशि नागदा त्रिवेदी के पास लेजा रहे थे ऐसा बताया
संदिग्ध परिस्थितियों में नगदी राशि चोरी की संपत्ति अथवा किसी अपराध से संबंधित होने की आशंका के आधार पर विधिवत जप्ती की कार्यवाही की गई। नगदी को सीलबंद कर थाना मालखाना में सुरक्षित जमा कराया गया तथा वाहन को सीसीटीवी निगरानी में सुरक्षित रखा गया।
प्रकरण में संबंधित व्यक्तियों से पूछताछ एवं कथन लेखन की कार्यवाही की गई है। प्रारंभिक पूछताछ में उक्त राशि महिदपुर से गोल्डन केमिकल के मालिक गुलजारीलाल त्रिवेदी हेतु ले जाना बताया गया है।
आयकर विभाग द्वारा नगदी के वास्तविक स्रोत, आहरण, आय-व्यय एवं लेन-देन संबंधी दस्तावेजों की विस्तृत जांच की जा रही है।
पुलिस की अपील
वाहन के सम्बंध में पत्रकार द्वय द्वारा पुलिस को सूचना देने से पूर्व ही वाहन को रोका गया जो की अवैधानिक है।
पुलिस सभी से अपील करती है कि किसी भी प्रकार की सूचना प्राप्त होने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें, कानून अपने हाथ में ना लें।